समुद्र में तेजी से बढ़ रहा प्लास्टिक दुनिया के लिए एक बड़ी चुनौती है। इसे रोकने के लिए जहां कई सरकारें नाकाम नजर आती हैं, वहीं दो युवाओं की पहल लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच रही है। एंड्रयू कूपर और एलेक्स सुलेज ने तीन साल पहले 4ocean नाम की कंपनी बनाई थी। कंपनी द्वारा शुरू किए अभियान का मकसद समुद्र से प्लास्टिक कचरा निकालना था। इस अभियान के तहत अब तक 4 हजार टन प्लास्टिक कचरा समुद्रों से निकाला जा चुका है।
कूपर और सुलेज प्लास्टिक कचरा से अब कई तरह के उत्पाद बनाकर भी बेच रहे हैं। इनमें इनका सबसे प्रसिद्ध उत्पाद ब्रेसलेट भी शामिल है, जिसकी कीमत 1400 रुपए (20 डॉलर) है। इसके अलावा, प्लास्टिक को रिसाइकल कर उनसे पानी की बॉटल्स, शॉपिंग बैग्स और कपड़े भी बनाए जा रहे हैं। कूपर बताते हैं, "लोगों को यह महसूस करने के लिए सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि बेचा जाने वाला प्रत्येक ब्रेसलेट समुद्र से करीब 450 ग्राम कचरा हटाने का काम करता है। दरअसल,आप ब्रेसलेट नहीं खरीदते बल्कि समुद्र के प्लास्टिक संकट को दूर करते हैं।"

लोगों को जागरूक भी करना लक्ष्य
- सेंट्रल अमेरिका के तटों की सफाई के लिए 4ocean ने 20 स्थानीय लोगों और 6 कचरा हटाने वाले जहाजों को काम में लगाया है। समुद्री कचरे को उठाने के लिए 4ocean ने विशेष स्कीमर तैयार किए हैं। इन्हें अधिक गंदगी वाले तटों के पास भेजा जाता है। पिछले हफ्ते हैती के पास काम कर रही टीम ने ही 32 टन प्लास्टिक एकत्रित किया था। 4ocean टीम का लक्ष्य रिओ मोटागुआ रिवर, सेंट्रल अमेरिकन-अटलांटिक तटीय लाइन से 500 टन प्लास्टिक कचरा हटाना है।
- 4ocean फिलहाल सेंट्रल अमेरिका के तटों की सफाई कर रही है। इसके तहत फ्लोरिडा, बाली, हैती के तटों के पास फैले कचरे को हटाया जा रहा है। माना जा रहा है, अकेले अमेरिका की तटीय सीमा के समुद्रों में ही हजारों टन प्लास्टिक कचरा तैर रहा है। समुद्रों में यह प्लास्टिक नदियों से बहकर पहुंचा है।
3 साल पुरानी कंपनी, 300 से ज्यादा कर्मचारी
- एंड्रयू कूपर और एलेक्स सुलेज ने 4ocean कंपनी जनवरी 2017 में बनाई थी। फिलहाल कंपनी के फ्लोरिडा, हैती, ग्वाटेमाला और इंडोनेशिया में ऑफिस हैं और 300 से ज्यादा कर्मचारी काम कर रहे हैं।
- कंपनी ने बताया कि उसके उत्पाद से प्राप्त रेवेन्यू का इस्तेमाल 300 कर्मचारियों की सैलरी के अलावा ब्रांड अवेयरनेस, नॉनप्रॉफिट मरीन कंजरवेशंन ऑर्गनाइजेशन, शोध और तकनीक के विकास में इस्तेमाल किया जाता है। साथ ही पूरे विश्व में प्लास्टिक को निकालने के लिए इस्तेमाल होने वाली नाव, जहाज और उपकरण खरीदे जाते हैं।