मिस्र में बन रही है दुनिया की सबसे बड़ी रिहायशी कॉलोनी, इसके 13500 अपार्टमेंट्स में 30 हजार लोग रह सकेंगे

मिस्र की राजधानी काहिरा के नजदीक दुनिया की सबसे बड़ी रिहायशी कॉलोनी बनाई जा रही हैं। इसके 13500 अपार्टमेंट्स में 30 हजार से ज्यादा लोग रह सकेंगे। इसे बनाने में करीब 3 हजार 873 करोड़ रुपए (420 मिलियन पाउंड्स) की लागत आएगी। यहां शॉपिंग मॉल, सिनेमा और अन्य लग्जरी सुविधाएं होंगी।


विशाल स्काईलाइन इमारत को जॉर्डियन-अमेरिकन रियल एस्टेट डेवलपर और डिजाइनर मोहम्मद हदीद डिजाइन कर रहे हैं। इसे सरंचना को फ्लैट्स ऑफ ब्लॉक नाम दिया गया है। इसे बनाने वालों का तर्क है कि काहिरा की जनसंख्या 210 लाख है और एक साल में 5 लाख बढ़ जाएगी। ऐसे में हजारों मकान की जरूरत होगी। इसी जरूरत को ध्यान में रखकर इस प्रोजेक्ट को बनाया जा रहा है। इनका दावा है कि यह दुनिया की सबसे बड़ी रिहायशी कॉलोनी होगी। इसे 2025 तक पूरा कर लिया जाएगा। 


खासियत 



  • स्काईलाइन कॉलोनी के 13500 अपार्टमेंट्स के फ्लैट्स की कीमत 35 लाख रुपए से 87 लाख रुपए के बीच होगी। 

  • यहां रहवासियों को 40 एकड़ का गॉर्डन, साइकिल ट्रैक और स्वीमिंग पूल आदि तैयार मिलेंगे। इसके अलावा, फिटनेस सेंटर, रॉक क्लाइबिंग वॉल और रेस्टारेंट होंगे। 


गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स ने पुष्टि की



  • गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स ने सबसे बड़ी आवासीय इमारत बनने का आधिकारिक प्रयास की पुष्टि की है, लेकिन इस कैटेगरी में अभी तक कोई रिकॉर्ड मौजूद नहीं है। दुनिया में सबसे बड़ी टॉलेस्ट रेसिडेंशियल ब्लॉक 432 पार्क एवेन्यु न्यूयॉर्क में है। इसकी लंबाई 426 मीटर है। 

  • विशाल स्काईलाइन इमारत 11 मंजिला होगी और 6 लाख 50 हजार वर्ग फीट में फैली होगी। फ्लोर एरिया गीजा के चेओप्स पिरामिड के चार गुना बड़ा होगा। जिसे 4 हजार साल पहले इंसानों ने बनाया था।